बरेली बवाल : तौकीर के करीबियों के बरातघर, ई-स्कूटी शोरूम और कार गैराज सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल के मुख्य आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर पुलिस-प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने सोमवार को तौकीर रजा के करीबी सपा के पूर्व पार्षद का बेग बरातघर, सपा पार्षद का ई-स्कूटी शोरूम और एक कार गैराज को सील कर दिया है। आरोप है कि ये सभी प्रतिष्ठान बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से बनाए गए भवनों में संचालित किए जा रहे थे।

बीडीए की टीम दोपहर करीब 2 बजे इज्जत नगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी वार्ड पहुंची। यहां शिकारपुरा मोहल्ले में बना सपा के पूर्व पार्षद वाजिद बेग का आलीशान बेग मैरिज हाल को सील कर दिया। इसके बाद तीन बजे के करीब वीर सावरकर नगर स्थित नाजिर खान का कार गैराज पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

वहीं शाम चार बजे कोहाड़ापीर स्थित सपा पार्षद अब्दुल कय्यूम मुन्ना के ई-स्कूटी शोरूम को भी बीडीए ने सील कर दिया है। बीडीए अफसरों के अनुसार, इन सभी निर्माणों में मानकों की अनदेखी की गई है। पूर्व में भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं, तहसील सदर की टीम ने बिजली चोरी के मुकदमे में नामजद तौकीर रजा के करीबी पांच लोगों के घरों पर एक करोड़ रुपये से अधिक की वसूली को लेकर चल अचल संपत्ति कुर्क करने के लिए कुर्की नोटिस चस्पा किया है।

 

संबंधित समाचार