Bareilly : CAA-NRC प्रदर्शन मामले में भी बढ़ेंगी तौकीर की मुश्किलें, पुलिस ने मांगी रिमांड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। केंद्र सरकार की तरफ से 2019 में लाए गए नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) कानून को लेकर जिले में हुए विरोध प्रदर्शन करने के मामले में कोतवाली में दर्ज मुकदमे में विवेचक ने आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई है।

इस मामले में पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। मौलाना तौकीर रजा खां बरेली में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल मामले में मुख्य साजिशकर्ता हैं। वह मौजूदा समय में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं। माना जा रहा है कि पुलिस सीएए और एनआरसी प्रदर्शन मामले में आरोपित मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

सीएए और एनआरसी को लेकर शहर में ही खास समुदाय के 30 हजार लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ एक मुकदमा कोतवाली में दर्ज किया गया था। इसमें मौलाना तौकीर रजा को भी आरोपी बनाया गया था। बारादरी में दर्ज मुकदमे में 25 को और देवरनियां में एक मुकदमा दर्ज कर तीन प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया था।

कोतवाली में दर्ज मुकदमे में पुलिस कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जबकि, मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ विवेचना चल रही है। इस मुकदमे के विवेचक ने कोर्ट में अर्जी लगाकर मौलाना तौकीर का पुलिस रिमांड मांगा है। माना जा रहा है कि तौकीर को जल्द पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ करेगी।

मौलाना तौकीर के खिलाफ सीएए और एनआरसी को लेकर प्रदर्शन कर माहौल खराब करने के प्रयास में एक मुकदमा संभल में भी दर्ज किया गया था। अब 27 सितंबर को शहर में बवाल होने पर पुलिस बवालियों की लिस्ट तैयार कर कुंडली खंगाल रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उस समय के अधिकांश प्रदर्शनकारी ही बवाल में शामिल रहे हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सीएए और एनआरसी के दौरान विरोध प्रदर्शन करने के मामले में 2019 में कोतवाली में मौलाना तौकीर समेत कई लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कई आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। विवेचक ने मौलाना तौकीर रजा खां के खिलाफ पुलिस रिमांड की अर्जी लगाया है।

बवाल में जहां के अधिक लोग, वहीं के थे प्रदर्शनकारी
पुलिस की जांच में इस बात की भी पुष्टि हुई है कि सीएए और एनआरसी के समय प्रदर्शन करने में जहां के लोग शामिल हुए थे, वहीं के ही अधिकांश लोगों ने जुमे की नमाज के बाद हुए ताजा बवाल में भी भूमिका निभाई है। जांच में सामने आया है कि सीएए-एनआईसी को लेकर हुए प्रदर्शन में मठ, आलमगिरीगंज, आजमनगर, बासमंडी, कुतुबखाना रोड, नावल्टी चौराहा, भूड़, गुलाबनगर, चाहबाई, अशरफ खां छावनी, कैंट के ठिरिया, नवी नगर, उमरिया, शहामतगंज, शाहदाना, चकमहमूद, हजियापुर, गौटिया, सैलानी, जगतपुर, तिलियापुर, महेशपुर अटरिया, परतापुर, शिकारपुर, करमपुर, जखीरा, बाकरगंज समेत सौदागरान के लोग शामिल थे। इन्हीं क्षेत्रों के लोग 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल में भी शामिल हुए थे। ऐसे में पुलिस यह देख रही है कि ये उपद्रवी हमेशा शहर में माहौल खराब करने का काम करते हैं। ऐसे में पुलिस इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार