हिमाचल के बिलासपुर में भूस्खलन : : बस पर गिरा मलबा, 18 लोगों की मौत, सीएम और पीएम ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक निजी बस के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना झंडूता विधानसभा क्षेत्र के भालूघाट इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि बस में 30-35 यात्री सवार थे और यह हरियाणा के रोहतक से घुमारवीं जा रही थी। 

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक मलबे से 18 शव बरामद किये जा चुके हैं। बचाव कार्य में लगे एक पुलिसकर्मी ने बताया कि पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा बस पर गिर पड़ा और यात्रियों के बचने की संभावना बहुत कम है। 

यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस क्षेत्र में सोमवार से रुक-रुककर बारिश हो रही है। 

घटना पर सीएम सुक्खू ने जताया शोक

घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

पीएम मोदी ने एक्स पर जताया दुख

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार की शाम में इस दुर्घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जनहानि से दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे को लेकर जताई संवेदना

इस भयावह हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संवेदना प्रकट की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

 

संबंधित समाचार