स्वदेशी का सम्मान...विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार, आबकारी राज्यमंत्री ने व्यापारियों संग संवाद कर बताए जीएसटी के फायदे  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: जीएसटी की उपलब्धियों पर चर्चा के लिए बुधवार को शहर के गांधी पार्क स्थ्त टाउन हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार के आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होने दीप प्रज्वलित कर इस कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश राय चंदानी ने अंगवस्त्र देकर राज्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने तथा स्वदेशी चीजों को अपनाने की अपील की। 

जीएसटी की उपलब्धियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व व्यापारियों से संवाद किया और जीएसटी कटौती को फायदे बताए। नितिन अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी कटौती का लाभ आम जनमानस तक पहुंचे यह जिम्मेदारी व्यापारियों की है। उन्होने विदेश वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी चीजों का इस्तेमाल करने की अपील की। 

राज्यमंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए स्वदेशी का इस्तेमाल बढ़ाना पड़ेगा। भारत सबसे बड़ा कंज्यूमर मार्केट है पूरे विश्व में वहां स्वदेशी चीजों को बढावा मिले और उसकी बिक्री बढ़े हम लोग इसी पर इस अभियान को आगे लेकर जा रहे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाणिज्य कर उपायुक्त कृष्णकांत तिवारी ने कहा कि कर की दरों में जो सुधार हो रहा है उसका लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचे। सबसे बड़ा दायित्व व्यापारियों पर है। सरकार की मंशा को ध्यान में रखते हुए सभी को उसका लाभ पहुंचाएं।

‌व्यापारी जगदीशचंद रायतानी ने कहा कि जीएसटी काउंसिल में व्यापारियों का कोई प्रतिनिधि नहीं है‌। ऐसे में कम से कम उनका एक प्रतिनिधि काउंसिल में शामिल किया जाए। उन्होने कहा कि कोयले पर जीएसटी की दर 5 प्रतिशत से बढाकर 18 प्रतिशत कर दी गयी है। इस पर सरकार फिर से विचार करे। उन्होने 18 प्रतिशत जीएसटी वाली वस्तुओं पर 5 प्रतिशत जीएसटी लागू करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामप्रकाश गुप्ता ने की। इस दौरान विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, श्रीकांत पांडेय,  अनुपम प्रकाश मिश्र, दीपक गुप्ता, विशाल अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।

बिहार में पूर्ण बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार 

बिहार चुनाव को लेकर आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि यह जो इंडी गठबंधन को लोग हैं यह सब केवल अपना व्यक्तिगत लाभ देख रहे हैं। हर व्यक्ति जो गठबंधन में जुड़ा है वह यह देख रहा है कि हमें गठबंधन से क्या लाभ होने जा रहा है। जनता के प्रति किसी की कोई सोच नहीं है‌ कि राज्य का कैसे भला होना है या जनमानस का कैसे भला होना है और जनता भी यह जान चुकी है कि इनके जितने भी गठबंधन है हर राज्य में उनका कोई न कोई विवाद कांग्रेस पार्टी से है। तो किसी को किसी पर विश्वास नहीं है तो आपस में ही विश्वास की कमी है तो वह जनता के विश्वास को क्या पूरा करेंगे। यह असलियत बिहार की जनता भी जानती है और देश की जनता भी जानती है। 

उन्होने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर से एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है‌। आबकारी राज्यमंत्री ने पीएम मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि इतने लंबे कार्यकाल तक उन्होने जनता की सेवा की है‌। एक सरकार के मुखिया के तौर पर जनमानस की जो आकांक्षाएं है उन्होने उन आकांक्षाओं को पूरा किया है और मैं समझता हूं कि जो विश्वास उन्होने जनता के मन में अपने प्रति बनाया है इतने लंबे समय तक उस विश्वास को बनाए रखना ही एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। बिना थके, बिना रूके उन्होने पहले गुजरात की और आज देश की सेवा कर रहे हैं।

ये भी पढ़े : 

भारत पेट्रोलियम की पाइप लाइन से तेल चोरी का मामला: करछना इलाके में पंप के नीचे सुरंग बनाकर वारदात को दे रहे थे अंजाम 

 

 

संबंधित समाचार