500 रुपये के लिए पिता को किया लहूलुहान...फिर खुद दे दी जान, हुई मौत, परिवार में पसरा मातम
गोंडा, अमृत विचार: पिता से पांच सौ रुपये न मिलने पर एक बेटे ने चाकू मारकर पिता को लहूलुहान कर दिया। इसके बाद खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। अस्पताल ले जाते समय बेटे की रास्ते में मौत हो गयी जबकि पिता को इलाज लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। खोड़ारे थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इस्लामपुर ग्राम प्रधान अब्दुल सलाम ने बताया कि गांव का रहने वाला अर्जुन (18) मंगलवार रात 8 बजे अपने पिता तिलकराम से पांच सौ रुपए मांग रहा था लेकिन पिता ने रुपया न होने की बात कहकर बेटे को मना कर दिया।
इससे नाराज होकर अर्जुन ने सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और अपने पिता तिलकराम पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पिता को सिर से खून निकलता देख छोटा बेटा अरुण अपने बड़े भाई अर्जुन को पकड़ने लगा तो अर्जुन ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की लेकिन इस छीना झपटी में चाकू अर्जुन से गले में घुस गया और जमीन पर गिर पड़ा। अरुण और उसकी मां दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन रास्ते में ही अर्जुन की मौत हो गयी। घायल तिलकराम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से परिवार में मातम पसरा है। गांव के लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं। सीओ मनकापुर अंकित पालीवाल ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर बाप बेटे में विवाद हुआ था। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था जहां अर्जुन की मौत हो गयी जबकि उसके पिता तिलक राम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस की तरफ से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े :
भारत पेट्रोलियम की पाइप लाइन से तेल चोरी का मामला: करछना इलाके में पंप के नीचे सुरंग बनाकर वारदात को दे रहे थे अंजाम
