हल्द्वानी: नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हल्द्वानी। पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक इनामी अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2018 में गिरोह ने हल्द्वानी के पुरानी आईटीआई निवासी करन सिंह के भाई को कस्टम में नौकरी का झांसा देकर 9 …

अमृत विचार, हल्द्वानी। पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक इनामी अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2018 में गिरोह ने हल्द्वानी के पुरानी आईटीआई निवासी करन सिंह के भाई को कस्टम में नौकरी का झांसा देकर 9 लाख रुपये ठग लिए थे। करन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने इसी वर्ष 5 जनवरी को मुकदमा दर्ज कर गिरोह की तलाश शुरू कर दी थी। दो माह पहले एक आरोपी अंशु मौर्य गिरफ्त में आया। आरोपी से पूछताछ में गिरोह के सरगना समेत अन्य सदस्यों का पता चला।

पुलिस ने शुक्रवार देर रात आरोपियों को जयपुर से पकड़ा। आरोपियों की पहचान रजत भुटानी, दीपा भुटानी और किरन आर्या के रूप में हुई है। रजत जयपुर के थाना प्रतापपुर का रहने वाला है। जबकि दीपा और किरन मूल रूप से बागेश्वर के थाना कौसानी निवासी हैं। रजत और दीपा पति-पत्नी जबकि किरन दीपा की संबंधी है।

रजत ने दीपा से लव मैरिज की है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी राजस्थान के साथ ही दिल्ली, चंडीगढ़ आदि राज्यों में तमाम लोगों को नौकरी का झांसा देकर लगभग 70 लाख रुपये ठग चुके हैं। गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली टीम में कोतवाल संजय कुमार, एसआइ संजीत राठौर, मुख्य आरक्षी दीपक अरोरा, सिपाही जितेंद्र कुमार, अरुण राठौर, वीरेंद्र चौहान, पूजा शामिल रहे।

संबंधित समाचार