सुलतानपुर : किशोरी के अपहरण व दुराचार का आरोपी दोषी करार, पॉक्सो कोर्ट सुनाएगी सजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचारः जयसिंहपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में दो साल पूर्व 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने व दुष्कर्म करने के आरोपी वीरू चौहान को पॉक्सो कोर्ट जज नीरज श्रीवास्तव ने दोषी ठहराकर जेल भेज दिया जिसे शुक्रवार को जेल से तलब कर सजा सुनाई जायेगी।

विशेष लोक अभियोजक रमेश चन्द्र सिंह के मुताबिक दो अगस्त 2023  की घटना में दर्ज  हुए केस मे पीड़िता की मां ने आरोप लगाया था उनकी 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को आरोपी ने बहला-फुसलाकर कर अपहरण कर दुराचार जैसी वारदात को अंजाम दिया।

तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी  के खिलाफ  अपहरण व दुष्कर्म के आरोप में चार्जशीट दाखिल की।  मुकदमे के दौरान अभियोजन की तरफ से पेश किए  गये सात गवाहों  के साक्ष्यों के आधार पर को कोर्ट ने दोषी वीरू चौहान को अपहरण व दुष्कर्म का दोषी पाते हुए जेल भेज दिया।

अधिशाषी अभियंता हत्याकांड में सुनवाई 28 को

जल निगम के अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार की हत्या के बहुचर्चित मामले में गुरुवार को एडीजे द्वितीय विशेष एससी-एसटी न्यायालय न्यायाधीश के अवकाश पर होने से सुनवाई टल गई। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले अभियोजन गवाह  तत्कालीन थानाध्यक्ष अरुण द्विवेदी को तलब किया गया है।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कोर्ट ने दरोगा को तलब कर सुनवाई के लिए 28 अक्टूबर की तारीख नियत की है।  सहायक अभियंता अमित कुमार शाह व आरोपी प्रदीप राम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

अभियोजन पक्ष से पीड़ित के वकील अरविंद सिंह राजा ने बताया 17 अगस्त 2024 को अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार की उनके घर में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई संजय कुमार ने सहायक अभियंता समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

कोर्ट ने इंस्पेक्टर को अंतिम अवसर देते हुए किया तलब

महिला आरक्षी से दुष्कर्म के चर्चित मामले में आरोपित इंस्पेक्टर नीशू तोमर पर गुरुवार को उनके कोर्ट में हाजिर न होने से आरोप तय नहीं हो सके। पीड़िता के वकील संतोष पांडेय ने इस पर आपत्तिज जताते हुए कार्रवाई की मांग की। कोर्ट ने इंस्पेक्टर को अंतिम अवसर देते हुए व्यक्तिगत या जरिये वीडयो कान्फ्रेंसिंग हाजिर रहने का आदेश देते हुए आरोप तय करने के लिए 28 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है।

गौरतलब है कि 14 जुलाई 2022 को महिला आरक्षी ने इंस्पेक्टर नीशू तोमर पर हलियापुर थाने में तैनाती के दौरान शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

संबंधित समाचार