बाराबंकी : विवाहिता की संदिग्ध मौत, गला दबाकर हत्या का आरोप
त्रिवेदीगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति के अनुसार महिला ने फांसी लगाई है। वहीं मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम तिलोकपुर के रहने वाले रिशू त्रिवेदी की पत्नी ललिता 26 की गुरुवार देर रात संदिग्ध मौत हो गई। पति उसे लेकर सीएचसी गया, जहां पर डाक्टरों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया।
उधर पति ने ललिता की तबीयत बहुत खराब होने की बात कहकर अपने साले मुरलीधर पुत्र गोविन्द प्रसाद निवासी ग्राम बहरौली थाना नगराम लखनऊ को सीएचसी बुलाया। मुरलीधर पिता व अन्य के साथ सीएचसी पहुंच गया। पति रिशू का कहना है कि पत्नी ललिता ने घर पर फांसी लगा ली थी, जिसके बाद वह उसे सीएचसी लाया।
वहीं मृतका के भाई का कहना है कि पति रिशू एक वर्ष पूर्व बाराबंकी कचेहरी में दहेज प्रथा के मुकदमे में सुलह करके साथ बुला ले गया था। गुरुवार रात रिशू ने गला दबाकर मौत के घाट उतारने के बाद फांसी पर लटका दिया। इसके बाद सीएचसी में भर्ती कराने की सूचना दी। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
