बहराइच में अवैध कब्जे पर चला नगर पालिका का बुलडोजर, 18 अर्धनिर्मित दुकानों पर को किया गया ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच नगर पालिका प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण और कब्जे को रोकने के लिए शुक्रवार शाम को बहराइच नगर के वजीरबाग इलाके में एक बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पालिका की ओर से निर्मित लगभग 18 अर्धनिर्मित दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिन पर अराजक तत्वों ने कब्जा कर लिया था।

नगर पालिका ने कुछ समय पहले नगर कोतवाली के पास चिकमंडी क्षेत्र में मीट विक्रेताओं के लिए इन दुकानों का निर्माण शुरू किया था, लेकिन यह निर्माण कार्य अधूरा रह गया था। प्रशासन को जानकारी मिली थी कि कुछ अराजक तत्व इन अर्धनिर्मित दुकानों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं और अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।

इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को अभियान चलाकर इन सभी 18 दुकानों पर कार्रवाई की और उन्हें पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि अर्धनिर्मित दुकानों पर अवैध कब्जे और अनैतिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में भी नगर पालिका क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध अतिक्रमण और कब्जे पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करता रहेगा।

संबंधित समाचार