Moradabad: विवाह के दिन दूल्हा-दुल्हन का होगा बायोमेट्रिक सत्यापन, 10817 ने किया आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत अब दुल्हा-दुल्हन का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। जिसमें वर-वधु की उंगलियों और चेहरे का बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। सरकार ने विवाह समारोह के लिए खर्च करने वाले धनराशि को बढ़ाने के साथ अब पारदर्शिता के लिए तकनीकी सत्यापन की व्यवस्था भी कर ली है। इस वर्ष 4 हजार अधिक आवेदन आए हैं। जिसमें नगर पालिका, नगर निगम, नगर पंचायतों और संभल जिले के एक ब्लॉक समेत 9 विकास खंडों से 10,817 आवेदन आए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने बताया पूरे जिले से 10,817 आवेदन मिले हैं। जिसमें संभल जिले के ब्लॉक बनिया खेड़ा के भी 61 आवेदन शामिल हैं। समाज कल्याण अधिकारी के मुताबिक संभल के लिए बनिया खेड़ा विकासखंड के कुछ गांव मुरादाबाद की तहसील बिलारी का हिस्सा है। उन्होंने बताया की मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने आवेदन के सत्यापन के लिए नये नियमों से सत्यापन करने के लिए शुक्रवार को पत्र जारी किया है। उन्होंने बताया इस बार विवाह के दिन वेदी पर बैठने से पहले दुल्हा-दुल्हन का अंतिम सत्यापन बायोमेट्रिक से किया जाएगा। जिसमें दोनों की उंगलियों चेहरे का मिलान किया जाएगा।

इससे पहले सत्यापन तीन चरणों में और कराया जाएगा। जिसमें पहले चरण में ग्राम पंचायत सचिव सत्यापन कर रिपोर्ट देंगे। दूसरे चरण में देहात में एडीओ पंचायत खंड विकास अधिकारी और नगर में ईओ सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। तीसरे चरण में अधिक आवेदन प्राप्त होने वाले गांव व नगर क्षेत्र में सैंपल सत्यापन जिला स्तरीय अधिकारी से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक भगतपुर टांडा ब्लाक 1676 और सबसे कम मुरादाबाद ब्लॉक के 474 आवेदन मिले हैं। उन्होंने बताया कि अभी पहले चरण का सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है। अक्टूबर के अंत तक सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा। इस बार प्रदेश सरकार ने विवाह समारोह पर कन्या को देने वाली धनराशि 60 हजार कर दी है, और 25 हजार का उपहार सामग्री खरीदी जाएगी। 15 हजार आयोजन पर खर्च किए जाएंगे।

 

संबंधित समाचार