UP: डेढ़ लाख का इनामी हत्यारा मुठभेड़ में ढेर, लखनऊ व शाहजहांपुर में दो चालकों की हत्या कर लूटी थी कैब
लखनऊ। लखनऊ व शाहजहांपुर में आठ दिन में दो कैब चालकों की हत्या कर कार लूटने वाले गिरोह के सरगना व डेढ़ लाख के इनामी गुरुसेवक को पारा पुलिस ने रविवार रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित जीरो प्वाइंट के पास मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने मौके से कई कारतूस, 38 बोर की पिस्टल, 32 बोर की रिवॉल्वर और शाहजहांपुर में लूटी गई कार समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
रविवार सुबह पुलिस ने गिरोह के साथी विकास कनौजिया को दुबग्गा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया था। इससे पहले पुलिस ने दो दिन पहले मुठभेड़ में अजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जिस समय अजय को गिरफ्तार किया गया था उस दौरान गुरुसेवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गुरुसेवक ने 29 सितंबर को पारा से कैब बुक कर चालक योगेश पाल की हत्या कर शव सीतापुर में फेंक दिया था। छह अक्टूबर को शाहजहांपुर के पुवायां से सितारगंज (उत्तराखंड) जाने के लिए कैब चालक अवनीश दीक्षित को बुक किया था। गिरोह ने अवनीश की हत्या कर उसकी कार भी लूट ली थी। फिर उसके शव को शाहजहांपुर-बरेली मार्ग पर फेंक दिया था। आरोपी पर डीआईजी रेंज बरेली ने भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
