सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी से बाजार में छाने को तैयार 9 कैरेट ज्वेलरी, दीवाली से पहले सर्राफा बाजार में दस्तक
नीरज मिश्र/ लखनऊ, अमृत विचार: दिन-पर-दिन रफ्तार भरती सोने-चांदी की कीमतों से बढ़ती आम आदमी की दूरी को देखते हुए नौ कैरेट की ज्वेलरी का नया विकल्प जल्द ही बाजार में छाने को ''आतुर'' है। इसके लिए उपभोक्ताओं को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सबकुछ ठीकठाक रहा तो दीवाली से पहले ही ''पंचदिवसीय त्योहार'' पर सर्राफा बाजार में नौ कैरेट के आभूषण दस्तक दे देंगे।
प्रदेश के कई जिलों में कारीगरों ने इस नए विकल्प के हिसाब से आभूषण गढ़ने शुरू कर दिए हैं। जो आम आदमियों की बजट में होंगे। यह ज्वेलरी न केवल देखने में आकर्षक है बल्कि भड़काऊ भी लग रही है। नया विकल्प उन लोगों को खासतौर पर राहत देने वाला होगा जो शादी के मौके पर अपनी बेटी या बहू या किसी रिश्तेदार के लिए जरूरी खरीदारी करते हैं पर चढ़ती कीमतों की वजह से उनके बजट में शामिल नहीं हो पाती है। अब नया विकल्प उन्हें बड़ी राहत देगा।
करीब 45 फीसद रेट पर उपलब्ध हो जाएगी यह ज्वेलरी
सर्राफ और बुलियन कारोबारी बताते हैं कि हल्की डिजाइनर ज्वेलरी प्रदेश के विभिन्न बाजारों में बनना शुरू हो गई है। कारीगर अपने हाथ का कमाल दिखाने लगे हैं। इसमें बस प्योरिटी यानी शुद्धता के मानक का अंतर होगा। नौ कैरेट की होने की वजह से इसकी कीमत आधे से भी कम होगी। करीब 45 प्रतिशत के आसपास इसका मूल्य हो सकता है। इसमें जीएसटी और डिजाइन को देखते हुए मेकिंग चार्ज भी जुड़ा हुआ होगा।
भड़कीली और बेहतर लुक वाली होगा आभूषणों का यह नया विकल्प
कारोबारियों का कहना है कि नौ कैरेट से बने आभूषण 18, 20, 22 कैरेट वाले आभूषणों से कमतर नहीं होंगे। न डिजाइन में और न ही लुक में। धनतेरस से पहले यह ज्वेलरी बाजार में दस्तक दे देगी। आभूषण गढ़े जा रहे हैं।
वैश्विक पटल पर अनिश्चितता और भंडारण से सोने और चांदी के भाव में तेज उछाल बना हुआ है। आमजनों तक इसकी पहुंच बनाने के लिए बीआईएस (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) ने 9 कैरेट ज्वेलरी को मंजूरी दी थी। इस पर स्वर्ण बाजार में काम शुरू हो गया है। नए-नए डिजाइन बन रहे हैं। हापुड़ समेत कई स्थानों पर इस नए विकल्प की ज्वेलरी तैयार की जा रही है। कीमत आधे से भी कम होगी। दीवाली से पहले बाजार में यह बजट फ्रेंडली ज्वेलरी आ जाएगी।- अनुराग रस्तोगी, स्टेट हेड, इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन इब्जा
ये हैं प्योरिटी के मानक
| कैरेट | शुद्धता का प्रतिशत |
| 24 | 99.9 |
| 23 | 95.8 |
| 22 | 91.6 |
| 20 | 83.3 |
| 18 | 75.0 |
| 14 | 58.3 |
| 09 | 37.5 |
ये भी पढ़े :
UP बना वित्तीय अनुशासन का मॉडल राज्य.. CAG रिपोर्ट में खुलासा, पूंजीगत व्यय और निवेश में शीर्ष पर प्रदेश
