UP : टायर फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मजदूर झुलसा, हालत नाजुक, मुरादाबाद रेफर किया गया
संभल, अमृत विचार। थाना रायसत्ती क्षेत्र के भोलेश्वर चौकी के पास स्थित एक टायर फैक्ट्री में मंगलवार को वर्कशॉप में टायरों पर रबड़ चढ़ाते समय बॉयलर की ट्यूब धमाके के साथ फट गई। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
मो. जाकिर की फैक्ट्री में पुराने टायरों पर रबड़ चढ़ाकर उन्हें नया रूप दिया जाता है। यहां करीब एक दर्जन मजदूर काम करते हैं। मंगलवार को जनपद लखीमपुर खीरी के ग्राम पन्नापुर निवासी धीरेन्द्र प्रताप फैक्ट्री वर्कशॉप में काम कर रहा था। इसी दौरान बॉयलर में अचानक प्रेशर बढ़ने से ट्यूब में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से धीरेन्द्र बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई।
साथी मजदूरों ने घायल धीरेन्द्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया। ईएमओ ने बताया कि मरीज की आंखों में भी चोट आने से उसे बेहतर इलाज के लिए मण्डलीय अस्पताल भेजा गया है। फैक्ट्री में बॉयलर फटने की सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
