एक्सिस बैंक में लाखों का फ्रॉड: ऑफरोल कर्मियों ने CSC संचालक के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम, रिपोर्ट दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। एक्सिस बैंक की बाराबंकी शाखा के माइक्रो फाइनेंस विभाग में कार्यरत ऑफरोल कर्मचारियों ने जनसेवा केन्द्र संचालक के साथ मिलकर लाखों का गबन किया है। बैंक की जांच में इस गबन की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
क्वेस कॉर्प लिमिटेड के माध्यम से कार्यरत दो कर्मियों पुनीत कुमार निवासी सीतापुर और जनसेवा केंद्र संचालक सचिन कुमार निवासी देवा ने मिलकर एक्सिस बैंक के समूह लोन ग्राहकों के नाम पर फर्जी खाते इंडियन ओवरसीज बैंक देवा शाखा में खुलवाए।
इन खातों में लोन की राशि ट्रांसफर कराकर ग्राहकों को लोन रद्द होने का बहाना बनाकर उनके बायोमेट्रिक से सारा पैसा निकाल लिया गया। बताया गया कि इस प्रक्रिया से लगभग 60 ग्राहकों के 9,73,803 की धोखाधड़ी की गई। इसी तरह, फील्ड स्टाफ उत्कर्ष आर्यन निवासी बहराइच पर भी 18 ग्राहकों से 44,770 की किस्त वसूल कर उसे उनके लोन खातों में जमा न करने का आरोप लगा है।
मामले की जांच के दौरान जनसेवा केंद्र संचालक सचिन ने अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है, जबकि पुनीत कुमार फरार चल रहा है और उसका मोबाइल फोन बंद है। उसके पिता ने भी जांच में सहयोग से इनकार कर दिया है। एक्सिस बैंक के सहायक एरिया मैनेजर सच्चिदानंद शुक्ला की ओर से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़े :
नवजात की हत्या कर नहर में फेंकने जा रही थी मां, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
