लखीमपुर खीरी : आंध्र प्रदेश पुलिस का छापा...झमपुरवा गांव में घंटों चला हाई-प्रोफाइल सर्च ऑपरेशन
लोकल पुलिस अंधेरे में, खुफिया इनपुट पर पहुंची दक्षिण भारत की टीम
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: शारदा नगर क्षेत्र का झमपुरवा गांव अचानक पुलिस की गाड़ियों के शोर से गूंज उठा। चार बसें, दर्जनों कारें और सैकड़ों सिपाहियों के साथ आंध्र प्रदेश की हैदराबाद पुलिस ने गांव को चारों ओर से घेर लिया। गांववालों ने जब बाहर झांका तो पूरा इलाका पुलिस से पटा पड़ा था। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर माजरा क्या है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, झमपुरवा गांव के एक युवक के विदेशी चरमपंथी संगठन से डिजिटल संपर्क की खबर ने इंटेलिजेंस एजेंसियों के कान खड़े कर दिए थे। बताया जाता है कि युवक ने हाल ही में सिर पर साफा बांधकर हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर वायरल की थी। यही तस्वीर सुराग बनी और मामला राज्य सीमाओं से निकलकर केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर पहुंच गया। इसी कड़ी में हैदराबाद पुलिस की एक विशेष टीम ने पहले अमरोहा जिले के एक मदरसे से युवक को उठाया और उससे मिली जानकारी के आधार पर सोमवार की शाम झमपुरवा गांव में छापेमारी की गई। करीब चार घंटे तक चला यह ऑपरेशन पूरी तरह गुप्त रखा गया। स्थानीय थाने को भनक तक नहीं लगने दी गई। टीम ने गांव के कई घरों की तलाशी ली, संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस खंगाले, साथ ही युवक के पिता को पूछताछ के लिए साथ ले गई। ग्रामीणों के अनुसार यह नजारा उन्होंने पहली बार देखा। गांव में दहशत का माहौल छाया रहा। चारों तरफ पुलिस ही पुलिस थी, बसें लगी थीं, बाहर निकलने नहीं दे रहे थे। हालांकि देर रात तक किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल युवक के संपर्कों और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहराई से जांच में जुटी हैं। टीम मंगलवार सुबह गुप्त रिपोर्ट लेकर वापस रवाना हो गई। पुलिस अफसर इस सर्च ऑपरेशन के बारे में कुछ बोलने से बच रहे हैं।
