महोबा में व्यापारी की गोली मारकर हत्या: परिजनों का आरोप, 'रूपये लूट कर भागे बदमाश', जांच में जुटी पुलिस
महोबा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में बदमाशों ने एक व्यापारी की संदिग्ध रूप से गोली मारकर हत्या कर दी और रोकड़ लूट कर फरार हो गये। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि नौसारा गांव निवासी राजकुमार चरखारी कस्बे में मोबाइल फोन की बिक्री और रिपेयरिंग की दुकान चलाता है।
मंगलवार देर रात अपनी दुकान बंद करके वह दोस्त विनोद के साथ बाइक में सवार होकर घर जा रहा था कि गांव के पहले एक स्थान पर बदमाशों ने रोका ओर उसे गोली मार दी तथा भाग गए. परिजनों का आरोप है कि बदमाश राजकुमार के पास मौजूद दुकान की रोकड़ भी लूट कर ले गए।आश्चर्यजनक रूप से पूरी घटना के दौरान मृतक का दोस्त हक्का बक्का होकर बाइक में ही बैठा रहा।
उन्होने बताया कि बदमाशों की गोली से लहूलुहान व्यापारी को परिजनों द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहाँ हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कालेज के लिए रिफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की प्रथम दृष्टया पड़ताल में घटना लूट को लेकर अंजाम दिए जाने की बात की पुष्टि नहीं हुयी है. हत्या की वारदात पुरानी रंजिश को लेकर हुयी समझ आती है। घटना की विस्तृत जांच और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सीओ दीपक दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है।
