दीपोत्सव-2025 : 1100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में प्रदर्शित करेंगे रामायण के विविध प्रसंगों की झलकियां
अयोध्या, अमृत विचार : प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या के दीपोत्सव-2025 में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर जलने वाले 26 लाख दीपों की आभा जहां भक्ति और उल्लास का प्रतीक बनेगी, वहीं कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो और 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो श्रद्धालुओं को अनूठा अनुभव देंगे। उत्तर प्रदेश प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं के उत्साह को ध्यान में रखते हुए ड्रोन शो और लेजर शो प्रस्तुतियों को आमजन के लिए दो दिन 18 व 19 अक्टूबर को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि स्वदेश निर्मित 1,100 ड्रोन आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकियां प्रस्तुत करेंगे। आकाश में अद्भुत कलाकृतियां उभरकर एक दिव्य दृश्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं, 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो दर्शकों के सामने वास्तविक प्रतीत होने वाली छवियों के माध्यम से अनुभव को यादगार बनाएंगी।
कहा कि पिछले वर्ष आयोजित दीपोत्सव में पहली बार 500 ड्रोन के माध्यम से भव्य शो का आयोजन किया गया था, जो आमजन और विशिष्ट अतिथियों सभी के लिए अत्यंत रोमांचक अनुभव रहा। लोगों के अभूतपूर्व उत्साह को देखते हुए पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव पूर्व 18 अक्टूबर को भी एक अतिरिक्त ड्रोन शो आयोजित करने का निर्णय लिया है। शो का समापन ‘त्रेता युग से नव अयोध्या’ की प्रतीकात्मक झांकी के साथ होगा, जो शहर के आध्यात्मिक अतीत और आधुनिक वर्तमान को जोड़ता है।
विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया ने बताया कि पर्यटन विभाग का प्रयास है कि अयोध्या आने वाले सभी भक्तजन और श्रद्धालु इन सभी प्रस्तुतियों का आनंद उठा सकें। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी आगंतुक रामनगरी के इस भव्य और दिव्य आयोजन की अनुभूति से वंचित न रहे।
