बाराबंकी : वोट चोरी में भाजपा की संलिप्तता, EC मौन : बोले दिग्विजय सिंह- संवैधानिक संकट की ओर देश
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। देश में वोट चोरी का मामला बेहद गंभीर होता जा रहा है, लेकिन चुनाव आयोग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। यह आरोप मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने लगाया। बाराबंकी में दिग्विजय सिंह एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की इस वोट चोरी में पूरी संलिप्तता है, जबकि चुनाव आयोग मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने खुलासा किया कि साल 2003 से बिहार की मतदाता सूची से 62 लाख मतदाताओं के नाम काटे जा चुके हैं, जिससे यह सवाल खड़ा होता है कि उनकी नागरिकता और भविष्य क्या होगा। उन्होंने कहा, वे लोग कहां रहेंगे, किस देश के नागरिक माने जाएंगे। इस पर कोई जवाब नहीं है। यह देश के लिए अत्यंत दुखद स्थिति है।

बिहार चुनाव पर पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। जीतने का प्रयास हर दल करता है, लेकिन जनता जिसको चाहती है, उसी के सिर पर ताज बंधता है। जातीय विद्वेष पर उन्होंने कहा कि यह समस्या सदियों से चली आ रही है, लेकिन वर्तमान में जातीय उन्माद अपने चरम पर है, जो देशहित में नहीं है। संविधान ने सभी नागरिकों को बराबर का अधिकार दिया है, लेकिन आज समाज को बांटने की कोशिशें की जा रही हैं।
https://twitter.com/deepakuf09/status/1978767115038359885
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं यूपी का प्रभारी नहीं हूं, इसलिए इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दिग्विजय सिंह ने नवनिर्मित भवानी पैलेस का फीता काटकर विधि-विधान से उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कांग्रेस पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
