SAIF 2025: झारखंड के रांची में South Asian Games, 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजन, मैस्कॉट का भी होगा फेस रिवील
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी एथलेटिक स्टेडियम में 24 से 26 अक्टूबर तक साउथ एशियन (सैफ) गेम्स का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में भारत सहित कुल छह देशों के लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 150 तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे। झारखंड के खेल मंत्री 17 अक्टूबर को कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और मैस्कॉट का अनावरण भी किया जाएगा।
खिलाड़ियों के स्वागत के लिए खास व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे उन्हें बेहतर अनुभव मिले। झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव एवं भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक ने आज बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन झारखंड के लिए गर्व का अवसर है।
खेल मंत्री की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हो चुकी है। इसके अलावा विकास आयुक्त ने भी विभिन्न समितियों के साथ विस्तार से तैयारियों का जायजा लिया है। आवास, परिवहन, सुरक्षा, उद्घाटन समारोह तथा तकनीकी संचालन सभी क्षेत्रों में काम पूरा हो चुका है।
इस बार पाकिस्तान इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले रहा है, जबकि भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 40 से 50 ओलंपियन खिलाड़ी रांची में खेलते नजर आएंगे, जो झारखंड के खिलाड़ियों और स्थानीय दर्शकों के लिए एक विशेष प्रेरणा स्रोत होंगे।
खेल निदेशक शेखर जमुआर ने कहा कि स्टेडियम के तकनीकी खामियों को ठीक कर लिया गया है। रंग-रोगन और स्वच्छता का काम अंतिम चरण में है। सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। प्रशासनिक तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। इस आयोजन से झारखंड के खेल क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी और यह राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ेगा।
ये भी पढ़े :
