Bareilly : सांसद बर्क बोले-धार्मिक स्थलों पर बुलडोजर से भावनाएं आहत, कार्रवाई संविधान के विपरीत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने धार्मिक स्थलों पर हो रही बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि कानून और संविधान की भावना के भी विपरीत हैं।

सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी से बात कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए बुलडोजर कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई है। दि ग्राम समाज की भूमि पर धार्मिक स्थल बना है, तो उसे हटाने की बजाय वैकल्पिक स्थान दिया जा सकता है, लेकिन समाधान के नाम पर बुलडोजर चलाना उचित नहीं है। बर्क ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा धर्म से जुड़ा नहीं बल्कि संवेदनशील सामाजिक संतुलन का है । 

चाहे मस्जिद हो या मंदिर, किसी भी धर्म के स्थल तोड़कर आम जनता की भावनाओं को आहत नहीं किया जाना चाहिए। सांसद बर्क ने कहा कि अधिकारियों का काम जनता की सेवा करना है, न कि उन्हें निशाना बनाकर परेशान करना। सर्वोच्च न्यायालय भी कह चुका है कि बुलडोजर कोई समाधान नहीं है। 

संभल सहित यूपी के पांच जिलों में आयकर विभाग की छापेमारी पर सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि अधिकारियों को क्या इनपुट मिला था और किस आधार पर यह कार्रवाई की गई, लेकिन यह सवाल जरूर उठता है कि ऐसी कार्रवाइयां अक्सर चुनाव के दौरान ही क्यों होती हैं। सांसद ने सवाल उठाया कि विपक्ष के अलावा कितने सत्तारूढ़ दल के नेताओं पर ऐसी कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि जनता का अधिकार है कि वह अपनी पसंद की सरकार चुने, किसी पर दबाव या भय बनाकर नहीं।

संबंधित समाचार