गोंडा : 50 स्कूलों के 1200 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, बृजभूषण शरण सिंह ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर थाना क्षेत्र के उजैनीकला स्थित शशि भूषण सिंह महाविद्यालय में शुक्रवार को हाईस्कूल व इंटर में अपनी मेधा का परचम लहराने वाले मेधावी छात्र छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजक व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हे मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होने छात्र छात्राओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि अगर जीवन में सफल होना है तो बाधाओं से मत घबराओ। लक्ष्य का निर्धारण कर आगे बढ़ो, वरना बहुत पीछे रह जाओगे।

उन्होंने गौ पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि अब मिलावटी खोरी बढ़ गई है। अगर बढ़िया दूध दही, घी, खोया पनीर चाहिए तो गौ पालन जरुर करे। उन्होंने छात्रों को सफल व्यक्तियों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। कहा कि कोई भी काम करिए तो मन लगाकर करिए। खाली मत घूमिए। भले बकरी पाल लीजिए लेकिन इधर उधर चौक चौराहे पर घूमने से बेहतर रहेगा कि अपना कोई काम करें।
प्रशासक हरिवंश सिंह व प्रिंसिपल डा आभा सक्सेना ने आये हुए अतिथियों का स्वागत किया। प्रशासक ने बताया कि मुजेहना व रेहरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र के 50 विद्यालयों के टाप टेन 1200 छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया है।
इस दौरान बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, ब्लॉक प्रमुख रेहरा बाजार पंकज सिंह, ब्लॉक प्रमुख तुलसीपुर बिक्की सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख महत्थ वीरेंद्र दास,नंदिनी नगर ग्रुप डायरेक्टर बीएल सिंह, सांसद प्रतिनिधि डा परमेश्वर सिंह, राम उदार वर्मा, नियंता रुपेश श्रीवास्तव के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व क्षेत्रीय लोग रहे।
