कानपुर : बाइक की जोरदार टक्कर से 20 मीटर तक घिसटता रहा किशोर, गई जान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आधार कार्ड अपडेट कराने गया था हाईस्कूल का छात्र, रहनस मोड़ के पास हुआ हादसा

कानपुर, अमृत विचार। महाराजपुर में आधार कार्ड अपडेट कराने गए हाईस्कूल के छात्र को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर छात्र साइकिल सहित करीब 20 मीटर तक घिसटता गया। हादसे का पता चलने पर परिजन अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। एकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बाइक सवार का पता लगा रही है।

महाराजपुर के रहनस गुलाबखेड़ा गांव निवासी रामसेवक खेती-किसानी करते हैं। उनका 16 वर्षीय एकलौता बेटा अंशु हाईस्कूल का छात्र था। परिवार में रामसेवक की पत्नी बिटान और तीन बेटियां रुबी, रुचि और शुभी हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर शाम उनका बेटा आधारकार्ड अपडेट कराने की बात कहकर घर से साइकिल से निकला था।

रहनस मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार टक्कर जोरदार लगी, जिससे अंशु साइकिल समेत कीरब 20 मीटर दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से भाग निकला।

राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन बेटे को सरसौल सीएचसी ले गए, जहां से उसे कांशीराम ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। कांशीराम में भी डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताकर हैलट के लिए रेफर कर दिया।

इस पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात अंशु की मौत हो गई। महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे से बाइक व उसके चालक के बारे में पता किया जा रहा है।

हादसे में घायल महिला की मौत 

पनकी में कार की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। चकेरी के श्यामनगर में सिद्धार्थ नगर निवासी वृद्धा 60 वर्षीय भाग्यवती बीती 24 अक्टूबर को बेटे के साथ कानपुर देहात स्थित गजनेर जा रही थीं, तभी पनकी में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। दामाद विनोद कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान गुरुवार देर रात उनकी मौत हो गई।

संबंधित समाचार