किसान आंदोलन: पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा सीमा पर बढ़ाई चौकसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-आठ को बंद करने की योजना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की हरियाणा से लगती सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। यह राजमार्ग गुरुग्राम से होकर गुजरता है। शहर की पुलिस ने शनिवार को अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती …

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों द्वारा जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-आठ को बंद करने की योजना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की हरियाणा से लगती सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। यह राजमार्ग गुरुग्राम से होकर गुजरता है।

शहर की पुलिस ने शनिवार को अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती करके और ज्यादा संख्या में कंक्रीट के अवरोधकों लगाकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। सिंघू और टिकरी बॉर्डर समेत राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न बॉर्डर पर पिछले 17 दिनों से हजारों प्रदर्शनकारी जमा हैं और इस बीच किसान संगठनों ने जयपुर-दिल्ली राजमार्ग बंद करने की घोषणा की है। किसान केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

दिल्ली यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण सीमाओं पर अपने कर्मियों को तैनात किया है ताकि आने-जाने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। इसके अतिरिक्त ट्विटर के जरिए लोगों को खुले एवं बंद मार्गों की भी जानकारी दी जा रही है। यातायात पुलिस ने रविवार को यात्रियों को ट्वीट कर टिकरी और धनसा सीमाएं भी यातायात के लिए बंद होने की जानकारी दी। हालांकि झाटीकरा सीमा सिर्फ दो पहिया वाहनों एवं पैदल यात्रियों के लिए खुली है।

इसमें हरियाणा की ओर जाने वाले लोगों को झारोडा, दौराला, कापसहेड़ा, बडुसराय, रजोकरी एनएच-8, बिजवासन/बाजघेड़ा, पालम विहार और डूंडाहेड़ा सीमाओं से जाने को कहा गया। यातायात पुलिस ने कहा कि किसानों के प्रदर्शन के कारण नोएडा एवं गाजियाबाद से यातायात के लिए गाजीपुर बॉर्डर को बंद किया गया है।

दिल्ली आने के लिए चिल्ला, आनंद विहार, डीएनडी, अप्सरा एवं भोपरा बॉर्डर का इस्तेमाल किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने यात्रियों को सिंघू, औचंदी, प्याऊ मनियारी और मंगेश बॉर्डर के बंद होने की सूचना दी। लोगों को लामपुर, सफियाबाद, साबोली और सिंघू स्कूल टोल टैक्स बॉर्डर से आने व जाने की सलाह दी गई।

संबंधित समाचार