बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, सवा लाख की मिठाइयां व खोया-पनीर कराया नष्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैय्या दूज के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिठाइयों और पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को सघन छापेमारी की। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डा. शैलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पाण्डेय के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कई स्थानों से खराब और मिलावटी मिठाइयां बरामद हुईं।

धनोखर तालाब के मिठाई गोदाम से भारी मात्रा में 200 किग्रा सोनपापड़ी, 100 किग्रा रसगुल्ला, 50 किग्रा रंगीन बूंदी, 50 किग्रा डोडा बर्फी सहित कुल 600 किग्रा दूषित मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ बरामद कर नष्ट किए गए। इनका कुल अनुमानित मूल्य करीब 1,36,000 रुपये है। इसके अलावा, रामसनेहीघाट, फतेहपुर समेत अन्य क्षेत्रों की दुकानों का निरीक्षण कर खराब गुणवत्ता वाले लड्डू, बर्फी, खोया व पनीर के नमूने संग्रहित किए गए हैं।

विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरूण कुमार, भगौती प्रसाद, डॉ. अंकिता यादव, पल्लवी तिवारी, अनुराधा व अर्शी फारूकी  मौजूद रहे। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ ही खरीदने की अपील की है।

संबंधित समाचार