UP: अवैध आतिशबाजी पर बड़ी कार्रवाई...लाखों की सामग्री जब्त
संभल, अमृत विचार। दीपावली के मद्देनजर संभल में पुलिस और प्रशासन ने शुक्रवार को कोट पूर्वी मोहल्ले में आबादी के बीच अवैध रूप से संग्रहित आतिशबाजी के भंडारण पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए गए।
छापेमारी की कार्रवाई क्षेत्राधिकारी आलोक भाटी और सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने व्यापारी के मकान से ई-रिक्शा भरकर आतिशबाजी सामग्री बाहर निकाली। सुरक्षा कारणों से जब्त आतिशबाजी को आबादी क्षेत्र से बाहर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करा दिया गया है। सीओ आलोक भाटी ने बताया कि दीपावली के दौरान अवैध आतिशबाजी से आगजनी और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस आतिशबाजी बेचना या भंडारण करना अपराध है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने कहा कि जन सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे अवैध भंडारण पर अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि शहर से लेकर गांव तक अवैध रूप से आतिशबाजी की बिक्री और भंडारण को लेकर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
