बीबीडी क्रिकेट लीग की शुरुआत दीपावली के बाद, आज निकलेगा ड्रा
लखनऊ, अमृत विचार: शहर की प्रतिष्ठित बाबू बनारसी दास (बीबीडी) क्रिकेट लीग का आयोजन दीपावली के बाद से शुरू होगा। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) की देखरेख में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लीग के तहत ए, बी और सी डिवीजन में मुकाबले खेले जाएंगे।
ए डिवीजन में 10 टीमें, बी डिवीजन में 9 टीमें, जबकि सी डिवीजन में लगभग 80 टीमें भाग लेंगी। इस बार की लीग में शहर की प्रमुख और उभरती क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
सीएएल के सचिव केएम खान ने बताया कि लीग के मैचों का ड्रा रविवार को निकाला जाएगा, जिसके बाद शेड्यूल की घोषणा की जाएगी। पूरे आयोजन को लेकर सीएएल की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर के विभिन्न क्रिकेट मैदानों पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और खेल का अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः स्मृति मंधाना जल्द बनेंगी इंदौर की बहू, मंगेतर पलाश मुछाल ने की बड़ा खुलासा
