बिहार: चुनावी टिकट न मिलने पर जमकर मचा हंगामा, कुर्ता फाड़कर रोया, पार्टी पर लगाया टिकट बेचने का गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाया हुआ है। महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी बीच, मोतिहारी की मधुबन सीट से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे एक आरजेडी नेता ने टिकट न मिलने पर लालू-राबड़ी आवास के बाहर जमकर हंगामा किया। नाराज नेता ने अपना कुर्ता फाड़कर और जमीन पर लेटकर फूट-फूटकर रोते हुए पार्टी पर टिकट बेचने का सनसनीखेज आरोप लगाया।

लालू के आवास के बाहर भावुक प्रदर्शन

मधुबन विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे आरजेडी नेता मदन शाह ने पटना में लालू प्रसाद यादव के आवास, 10 सर्कुलर रोड, के बाहर यह नाटकीय प्रदर्शन किया। 2020 में भी वे इस सीट से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन मात्र 2,000 वोटों से हार गए थे। इस बार भी उन्हें टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी, लेकिन पार्टी ने उनकी जगह डॉ. संतोष कुशवाहा को टिकट दे दिया। इससे आहत मदन शाह ने सड़क पर कुर्ता फाड़कर और रोते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप

मदन शाह ने वीडियो में दावा किया कि उनकी पार्टी ने टिकट के लिए उनसे 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की मांग की थी। पैसे न देने पर उनका टिकट काटकर किसी और को दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी में समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है और धनबल को प्राथमिकता दी जा रही है। मदन शाह ने यह भी कहा कि वे 1990 से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उनकी वफादारी को दरकिनार कर दिया गया। 

संजय यादव पर भी निशाना 

मदन शाह ने आरजेडी के सांसद संजय यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि संजय यादव ने टिकट के लिए दलाली की और पैसे के दम पर टिकट का सौदा किया गया। यह घटना बिहार की सियासत में नया विवाद खड़ा कर सकती है, क्योंकि टिकट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में पहले से ही तनाव की स्थिति है।

संबंधित समाचार