दीपावली पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएचसी-पीएचसी में बेड आरक्षित... मेडिकल सुविधा की पूरी व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: दीपावली को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। सीएचसी और पीएचसी पर जरूरत की दवाओं के साथ चार-चार बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। इसके अलावा बर्न और आंख इंजरी के लिए पर्याप्त औषधियां उपलब्ध कराई गई हैं।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी बर्न वार्ड तैयार किया गया है और सारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्साप्रभारियों को पत्र भेजकर निर्देश दिया कि एंटी-स्नेक वेनम और एंटी-रैबीज वैक्सीन की उपलब्धता रखने को कहा है। दीपावली को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित कर दी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने विशेष रूप से सांस रोगियों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। डॉ. कुमार ने बताया कि अस्थमा और श्वास रोगी फेफड़ों से संबंधित बीमारियों से ग्रसित होते हैं। इन मरीजों की श्वास नलिकाएं सूज और सिकुड़ जाती हैं, जिससे सांस लेने में कठिनाई होती है। इसके साथ खांसी, घरघराहट और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं भी देखने को मिलती हैं।

उन्होंने चेताया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं और रसायन इन रोगियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं और दम घुटने जैसी समस्या उत्पन्न कर सकते हैं। इस दौरान खानपान पर भी विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है और रंग व खुशबू वाली मिठाई से परहेज करने की हिदायत दी गई है।

संबंधित समाचार