Rampur : जगमगा उठा सारा शहर, खूब हुई आतिशबाजी...लक्ष्मी गणेश के पूजन के साथ धूमधाम से मनी दिवाली
रामपुर,अमृत विचार। सोमवार को दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दिन ढलने के बाद लोगों ने घरों में मां लक्ष्मी और गणेश भगवान की पूजा अर्चना की। उसके बाद घरों के दरवाजों पर मोमबत्ती और दीपक जलाकर रौशन किया। उसके बाद आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ,जोकि देर रात तक चलता रहा।
लोगों ने दिवाली के मौके पर करोड़ो रुपयों की आतिशबाजी जला डाली। वहीं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र एवं उनकी धर्मपत्नी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर परिसर में दीपावली पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा पुलिस लाइन में निवासरत परिवारों, बच्चों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर दीपावली उत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को मिष्ठान्न, पटाखे एवं उपहार वितरित किए गए, जिससे बच्चों और परिवारों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण बना रहा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर, क्षेत्राधिकारी लाइन एवं अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। यह आयोजन पुलिस परिवारों के साथ सामूहिक सहभागिता, सद्भावना और उत्सव की भावना को दर्शाता है, जो विभागीय एकता और आत्मीयता को और सुदृढ़ करता है।
