हॉलैंड और फिनलैंड में जा सकेंगे लेदर उत्पाद : टैरिफ के बाद निर्यातक नये बाजार की कर रहे तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, कानपुर, अमृत विचार : शहर के निर्यातकों ने नए वैश्विक बाजार से कारोबार करने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इन देशों में खासतौर पर हॉलैंड और फिनलैड जैसे देश प्रमुख है। खास बात यह है कि अमेरिका की ओर से टैरिफ लगाए जाने के बाद अन्य देशों के खरीदारों से संपर्क किया जाना निर्यातकों ने शुरू कर दिया था। हाल ही में नए बाजार से लगभग 80 करोड़ रुपये के कारोबार के मुकाबले सैंपल मंगवाए जाने शुरू हो गए हैं। 

शहर से लगभग 25 सौ करोड़ रुपये का निर्यात कारोबार अमेरिका की बाजार से होता था। अमेरिका की ओर से टैरिफ व अन्य शुल्क लगाए जाने के बाद यह निर्यात बाजार लगभग 60 फीसदी प्रभावित हुआ था। इसके बाद निर्यात बाजार को संभालने के लिए शहर के निर्यातकों ने नए देशों के खरीदारों की ओर रुख किया। लगभग 4 महीनों की कवायद के बाद अब उसका परिणाम सामने आने लगा है। फिलहाल नए विदेशी खरीदार लेदर के छोटे उत्पाद जैसे बेल्ट, जूते, पर्स व फैंसी आइटम की बाजार में शहर के निर्यातकों को प्रवेश दिए जाने को तैयार हुए हैं। शहर से इन देशों के खरीदारों ने उत्पादों के सैंपल मंगवाएं हैं। 

इसके अलावा निर्यातकों के साथ विदेशी खरीदारों से समय सहित अन्य नियमों पर भी बातचीत चल रही है। निर्यातक मान रहे हैं कि जल्द ही सैंपल के सापेक्ष उन लोगों को ऑर्डर भी हासिल हो सकेगा। पूरे मामले पर सना इंटरनेशनल एक्जिम के एमडी डॉ. जफर नफीस ने बताया कि नए देशों के खरीदारों की ओर से लेदर के उत्पादों का सैंपल मांगा जाना निर्यात कारोबार को बढ़ावा देने का संकेत हैं। लेदर उत्पादों के निर्यातकों को सरकार की ओर से भी नए देशों के साथ कारोबार बढ़ाने के लिए सहयोग व सुविधाएं दी जा रहीं है। हम लोगों को उम्मींद है कि जल्द ही इन देशों से ऑर्डर आने के साथ ही नई जमींन पर निर्यात कारोबार को बढ़ावा मिल सकेगा। 

इन देशों से भी बातचीत

शहर के निर्यातक और भी कई नए देशों के खरीदारों से लेदर उत्पादों के निर्यात कारोबार बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहे हैं। इन देशों में फिनलैंड, आयरलैंड, पोलैंड, आइसलैंड, सहित अन्य देश शामिल हैं। निर्यातकों की ओर से माना जा रहा है कि इन देशों से भी जल्द ही लेदर उत्पादों को खरीदे जाने के लिए सैंपल मांगे जा सकते हैं। इन देशों के खरीदारों का सबसे अधिक रुझान शहर के लेदर के खिलौने व सिक्योरिटी आइटम की ओर हैं। 

चीन से सीधा मुकाबला

नए देशों में निर्यात कारोबार को बढ़ाए जाने में चीन के कारोबारी सबसे बड़े प्रतिद्वंदी बनकर उभर रहा है। ऐसे में बाजार बढ़ाने की मजबूरी के चलते शहर के निर्यातक चीन के कारोबारियों से बेहतर गुणवत्ता और डिजाइन के साथ अपने उत्पादों को वहां के खरीदारों के सामने प्रदर्शित कर रहे हैं। नये बाजार में प्रवेश करने के लिए शहर के निर्यातक पिछली बार की तुलना में कई विदेशी खरीदारों के सामने कम दामों पर भी अपने उत्पादों को ऑफर कर रहे हैं। 

ये भी पढ़े : 

भारत को लेकर अब क्या बोल गए बड़बोले ट्रंप... रूसी तेल खरीद पर आया बयान, जानें क्या कहा

संबंधित समाचार