आसमान यूपी का सियासी पेंच बिहार का... आसमान में उड़ते नेताओं के पेंच काटने की कोशिश 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: आसमान उत्तर प्रदेश का था लेकिन बिहार का चुनाव भी आसमान में कुलांचें भर रहा था। किसी पतंग में नीतीश कुमार अपनी किस्मत आजमाते दिखाई दे रहे थे तो किसी पतंग में लालू और तेजस्वी भी लखनऊ के आसमान में दांव पेंच लगाते नजर आ रहे थे। आसमान में उड़ती सियासी हस्तियों के पेंच काटने के लिए वह धुरंधर पूरी कोशिश में जुटे थे जिनके हाथों में डोर थी। मौका था लखनऊ काइट एसोसिएशन की ओर से ज्योतिबा फुले पार्क में पतंगबाजी के आयोजन का।

आसमान से जमीन की ओर सरकती सियासी हस्तियां

इधर शोर उठता वो काटा.... और उधर आसमान से जमीन की ओर सरकती सियासी हस्तियां बिहार के सियासी आसमान की तरफ बढ़ती दिखाई देतीं। योगी और अखिलेश की ही तस्वीरें पतंगों पर होतीं तो बस यह त्योहारी हास-परिहास भर होता लेकिन बिहार चुनाव लखनवी पतंगों में नजर आया तो यह साफ़ हो गया कि पतंगबाज भी अब देश के चुनावी परिदृश्य पर गंभीर नजर जमाए हुए हैं।

पतंगबाजी और लखनऊ हमेशा से एक दूसरे के पर्याय रहे हैं। दिन अगर जमघट का हो तो फिर क्या कहने। इस दिन पतंग और डोर का रिश्ता तभी मजबूत माना जाता है जब खुले आसमान में जो भी पेंच लड़ाने आये वह लहराता हुआ नीचे गिरता दिखाई दे। नवाबीने अवध का दौर था तो खुद बादशाह पतंग और चरखी के साथ आम लोगों के बीच दूसरी पतंगों से दो-दो हाथ करते दिखाई देते थे तो लोकतांत्रिक भारत में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और सांसद डॉ. दिनेश शर्मा आम लोगों के बीच पतंगों के साथ चौक में जोर आजमाइश करते दिखाई दिए।

बिहार में अब राजद का पेंच कटने वाला: ब्रजेश पाठक- पुराने पतंगबाज नजर आए पाठक

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आम वेशभूषा में पतंग और चरखी के साथ जमघट का मजा लेने पहुंचे तो उनके साथ उनकी पत्नी नम्रता पाठक भी थीं। हाथों में चरखी से फिसलती डोर से पेंच लड़ाते पाठक पुराने पतंगबाज के रूप में नजर आ रहे थे। ब्रजेश पाठक ने 5 पेंच उड़ाए। ब्रजेश पाठक ने मौके पर चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार में अब राजद का पेंच कटने वाला है।

आठ पेंच हो गए बिहार में एनडीए काटेगा अब नौंवा पेंच: डॉ. दिनेश शर्मा -कमान जांची, कन्ने परखे और ली छुड़ैय्या

उधर सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने पतंग उड़ाने से पहले पतंग की कमान परखी, हाथों से कन्ने तोले, डोर और मांझे की मजबूती देखी और छुड़ैय्या ले पतंग को आसमान की ओर बढ़ा दिया। राज्यसभा सांसद लखनउवा दिनेश शर्मा के अनुभवी हाथों ने डोर खींच पतंग को आसमान में लहराने लगे। पतंग और डोर का सामंजस्य बना तो पेंच लगा दूसरी क्षितिज पर लहरा रही दूसरी पतंग को काट उसे डोरी से अलग कर दिया। लोग शोर मचाते रहे लेकिन सांसद शर्मा का पूरा ध्यान अपनी पतंग पर केन्द्रित था। दिनेश शर्मा ने 8 पेंच काटे। दिनेश शर्मा ने भी कहा कि बिहार में एनडीए नौवां पेंच काटेगा।

आपरेशन सिंदूर को जीवंत करती दिखीं व्योमिका और सोफिया की तस्वीरें

अनुभवी हाथों में डोर थी तो आसमान चूमती पतंगें प्रतिद्वंद्वियों के कन्ने काटने में जुटी थीं। पतंगबाजों ने अपने-अपने हिसाब से पतंगें चुनी थीं। पतंगों पर सियासी छाप भी थी तो देशभक्ति का जज्बा भी नजर आ रहा था। एक तरफ व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी की तस्वीरों वाली पतंगें आपरेशन सिन्दूर को जीवंत कर रही थीं तो दूसरी तरफ मोदी, योगी और अखिलेश वाली पतंगें भी आसमान चूमने को बेताब नजर आ रही थीं। पतंगबाजी के दौरान पार्षद अनुराग मिश्रा, अमील शम्सी समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। इसके अलावा आमजन और व्यापारी नेता स्वदेशी मार्केट के महामंत्री प्रभु जालान ने परिवारीजनों के साथ पतंगबाजी का आनंद लिया। डॉ. उमंग खन्ना, प्रतीक सहाय, राकेश कालरा समेत पुराने लखनऊ में बुधवार शाम तक जोरदार पतंगबाजी और लाउडस्पीकर पर वो...काटा...का शोर सुनाई देता रहा।

ये भी पढ़े : 

यूपी में दीपावली पर बिजली खपत का बना नया रिकॉर्ड... एक ही दिन में सर्वाधिक 149 मिलियन यूनिट की खपत

 

संबंधित समाचार