UP: लव मैरिज नहीं थी मंजूर...बेटी-दामाद के जानी दुश्मन बने बाप ने किया जानलेवा हमला
संभल, अमृत विचार। कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन कभी-कभी नफरत उससे भी ज्यादा खतरनाक साबित हो जाती है। संभल के थाना नखासा क्षेत्र के गांव अख्तियारपुर तगा में बुधवार तड़के ऐसा ही हुआ, जब बेटी की लव मैरिज से तिलमिलाए पिता ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर बेटी, दामाद और सास पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया दिया।
पीड़िता सृष्टि का कहना है कि उसने आठ महीने पहले सौरभ पुत्र शीशपाल से प्रेम विवाह किया था। यह रिश्ता उसके पिता ऋषि को मंजूर नहीं था। कई बार धमकियां मिलीं, झगड़े हुए, लेकिन बुधवार की सुबह इस मनमुटाव ने खौफनाक मोड़ ले लिया। करीब चार बजे पिता ऋषि अपने रिश्तेदारों राजू, अभिषेक, हितेश, रवि, धर्मपाल और अंकुर के साथ घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस आया। सृष्टि ने रोते हुए बताया कि हम सब सो रहे थे, तभी अचानक दरवाजा टूटा और पिता अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडों के साथ उन पर टूट पड़े । हमले में सौरभ, सृष्टि और उसकी सास लज्जावती बुरी तरह घायल हो गए।
पड़ोसियों ने किसी तरह उन्हें बचाया और पुलिस को सूचना दी। सृष्टि के पति सौरभ ने कहा कि उनकी शादी को लेकर पहले से ही कोर्ट में मामला चल रहा है और वह एक साल जेल में रह चुका है। वह चाहता था कि अब यह रंजिश खत्म हो मगर सृष्टि के मायके वाले जान के दुश्मन बन गये। सौरभ ने कहा कि हम बस चैन से जीना चाहते हैं, लेकिन ससुराल पक्ष हमें जिंदा नहीं देखना चाहता। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजीव बालियान का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल है।
