UP Double Murder: नाली के पानी की निकासी को लेकर हुआ विवाद, दोहरे हत्याकांड में शामिल एक बदमाश गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने सैंथली गांव में दीपावली के दिन नाली के पानी के निकासी के विवाद के चलते हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बृहस्पतिवार को एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को सैंथली गांव में नाली के पानी के विवाद को लेकर अजयपाल और दिपांशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों के परिजन धारा सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि आज एक सूचना के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान निखिल बरहेला (25) के रूप में हुई है। उसे आनन्दपुर पुलिया से 100 मीटर दूर खटाना नहर के पटरी मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। 

संबंधित समाचार