हल्द्वानी: वन दरोगा का शव गौला रोखड़ के जंगल में पेड़ से लटका मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हल्द्वानी। गौला रेंज में तैनात एक वन दरोगा का शव गौला रोखड़ के जंगलों में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार किशोर सिंह धपोला (45 वर्ष) …

अमृत विचार, हल्द्वानी। गौला रेंज में तैनात एक वन दरोगा का शव गौला रोखड़ के जंगलों में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार किशोर सिंह धपोला (45 वर्ष) निवासी मोती नगर बरेली रोड तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज में वन दरोगा के पद पर तैनात थे। वह शनिवार की सुबह 11 बजे घर से गौला रोखड़ में गश्त पर निकले थे। देर शाम ड्यूटी होने के बाद भी घर नहीं लौटे। इस पर परिजनों ने फोन लगाया लेकिन उनका नंबर स्विच ऑफ था।

परिजनों ने धपोला की तलाश शुरू की। इधर पुलिस को सूचना मिली की गौला रोखड़ के जंगलों में एक आदमी का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बाद में मृतक की शिनाख्त वन दरोगा किशोर सिंह धपोला के रुप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर वन दरोगा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है इसलिए पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पक्षों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी। फिलहाल ये हत्या है या आत्महत्या, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। -सुधीर कुमार, प्रभारी निरीक्षक, लालकुआं कोतवाली

बाइक छोड़कर पैदल ही घर से निकले थे किशोर

आमतौर पर जब धपोला घर से ड्यूटी के लिए निकलते थे तो बाइक से निकलते थे। लेकिन शनिवार को वह घर से पैदल ही निकले। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि वह घर से ही इस मकसद से निकले थे। मृतक के एक करीबी ने बताया कि धपोला बेहद खुशमिजाज व्यक्ति थे। खनन माफियाओं में उनका बेहद खौफ था। लेकिन पिछले तीन-चार महीनों से वह परेशान रहते थे।

गौला रेंज वन कर्मचारियों ने जताया शोक

गौला रेंजर आरपी जोशी ने वन दरोगा की मौत पर शोक जताया है। वन कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जोशी ने कहा कि वन दरोगा की मृत्यु से वन विभाग को भी क्षति हुई है। वहीं धपोला के साथ काम कर चुके वन दरोगा कैलाश कपिल ने भी शोक जताया है।

संबंधित समाचार