बरेली : मुश्किल में सफर, ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी
भाईदूज पर जंक्शन, इज्जतनगर और सिटी स्टेशन पर ट्रेनें में दिखी यात्रियों की भीड़
बरेली, अमृत विचार: त्योहार के मौके पर रेलवे की ओर से अतिरिक्त कोच लगाने के साथ विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, मगर इसके बाद भी भाईदूज पर बरेली जंक्शन, इज्जतनगर और सिटी स्टेशन पर कई ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ दिखी। सीट को लेकर मारामारी रही।
त्रिवेणी और राज्यरानी एक्सप्रेस जब बरेली जंक्शन पर पहुंची तो भीड़ अधिक होने के चलते कई यात्री चढ़ नहीं सके। वहीं महिला और दिव्यांग कोच भी यात्रियों से फुल दिखे। अलीगढ़ पैसेंजर, बरेली-मुरादाबाद-चंदौसी पैसेंजर, त्रिवेणी एक्सप्रेस, बरेली-पीलीभीत, लालकुआं-कासगंज, बरेली-काशीपुर आदि ट्रेनों में भीड़ नजर आई। ट्रेनों में सीट पाने के लिए लोगों को धक्का मुक्की करनी पड़ी। तमाम यात्रियों को खड़े होकर भी सफर करना पड़ा। जंक्शन और सिटी स्टेशन पर भीड़ अधिक होने के चलते जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी अलर्ट रहीं।
