संभल : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
नौ साल पहले हुई थी शादी लेकिन नहीं थी कोई संतान
संभल/बबराला, अमृत विचार। कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के रायपुर गांव में पति से विवाद के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहजोई थाना क्षेत्र के बहरौली गांव निवासी प्रीति की शादी करीब 9 वर्ष पहले गुन्नौर के रायपुर गांव में दुर्गेश के साथ हुई थी। शादी के 9 साल बाद भी प्रीति को कोई संतान नहीं थी। पति-पत्नी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे। पुलिस के मुताबिक दीपावली पर प्रीति मायके आई हुई थी। बाद में उसका पति दुर्गेश उसे वापस घर ले जाने के लिए पहुंचा। बहरौली से ससुराल रायपुर आते समय रास्ते में प्रीति की पति दुर्गेश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहा जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद भी पति और पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद जहरीले पदार्थ के सेवन से प्रीति की हालत बिगड़ गई। परिजन व मोहल्ले के लोग जुटे तो गंभीर हालत में प्रीति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिली तो प्रीति के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
प्रीति की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अलीगढ़ ले गए। जहां गुरुवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में परिजन शव को रायपुर गांव ले आए। यहां ससुराल वालों पर बेटी प्रीति को जहर देकर मार देने का आरोप लगाकर मायके वालों ने हंगामा किया। मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि महिला की मौत की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अभी इस मामले को लेकर तहरीर भी नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
