बाराबंकी : झोलाछाप ने की युवती से छेड़छाड़, भाई ने की पुलिस से शिकायत
असन्द्रा/बाराबंकी, अमृत विचार। असन्द्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप ने युवती को अकेला पाकर छेड़छाड़ की। उसकी हरकत पकड़ी गई तो युवती के भाई पर बाइक छीनने का आरोप मढ़ दिया।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन से सर्वेश पुत्र अशोक कुमार रावत निवासी पूरे पूरन मजरे सनौली थाना रामसनेहीघाट पिछले कुछ महीनों से बातचीत कर रहा था। सर्वेश एक दुकान पर निजी क्लिनिक चलाता है।
भाई के अनुसार 22 अक्टूबर की शाम करीब 3 बजे उसकी बहन खेत पर गई थी, तभी सर्वेश मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और अकेले देखकर उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा।
बहन की चीख-पुकार सुनकर जब उसके भाई मौके पर पहुंचे तो आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया। बाद में आरोपी ने 112 नंबर पर झूठी सूचना देकर कहा कि उसकी मोटरसाइकिल छीनी गई है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
