UP News: मुख्तार का करीबी शादाब लखनऊ एयरपोर्ट से गिरफ्तार, कंस्ट्रक्शन कंपनियों में करोड़ों की हेरफेरी मामले में था फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्तार अंसारी का करीबी शादाब अहमद उर्फ डंपी को दुबई से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्ष 2022 में भारत से भाग गया था। ईडी मुख्तार की कंस्ट्रक्शन कंपनियों में करोड़ों रुपये के हेरफेर के मामले में जांच कर रही थी। कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने पर ईडी ने लुक आउट नोटिस जारी किया था।

ईडी ने शादाब को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अगले सप्ताह उसे रिमांड पर लिया जाएगा। शादाब मुख्तार की कंपनियों विकास कंस्ट्रक्शन, आगाज और दो अन्य कंपनियों का पूरा काम संभालता था। इसके अलावा टावर कंपनियों में डीजल सप्लाई के हेरफेर में भी वह शामिल था।

सूत्रों के अनुसार, डंपी का नाम एक पूर्व सांसद के साथ भी जुड़ा था। इस सांसद की शह पर उसने बड़े पैमाने पर डीजल सप्लाई में करोड़ों की कमाई की। शादाब की गिरफ्तारी के बाद खेमे के कई बड़े लोग चौकन्ने हो गए हैं। माना जा रहा है कि आरोपी के खुलासे से कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

22 अक्टूबर को दुबई से लौटे शादाब को इमीग्रेशन टीम ने पकड़कर ईडी के सुपुर्द किया। ईडी की लगातार जांच और कार्रवाई से अब इस मामले में नई हलचल शुरू हो गई है।

 

संबंधित समाचार