पारिवारिक विवाद में चले चाकू और हथौड़ा: युवक ने पत्नी की हत्या, 5 साल के मासूम ने बताई आपबीती 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने पांच वर्षीय बेटे के सामने ही चाकू और हथौड़े से मारकर अपनी पत्नी की नृशंष हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बेटे को लेकर अपने ससुराल चला गया और वहां बेटे के मामा के पास छोड़कर फरार हो गया।

पिता के जाने के बाद मासूम बेटे ने अपने मामा को मां के हत्या की जानकारी दी। मामा की सूचना पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो वहां खून से लथपथ महिला का शव पड़ा हुआ था। हत्या की इस खौफनाक वारदात पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

वजीरगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर निवासी विनय गुप्ता की बहन आरती की शादी करीब 8 साल पहले कोल्हमपुर बाजार निवासी गुनीराम से हुई थी। दोनों के पास एक 5 साल का बेटा कान्हा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार को भी गुनी राम व आरती के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में गुनीराम ने पत्नी आरती पर चाकू से ताबड़तोड़‌ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। 

इसके बाद हथौड़े से मारकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उसका पांच साल का मासूम बेटा भी मौके पर मौजूद था। पत्नी की हत्या के बाद वह बेटे कान्हा को लेकर अपने ससुराल पहुंचा और उसे मामा के पास छोड़कर फरार गया। कुछ देर बाद कान्हा ने पूरी वारदात की जानकारी अपने मामा विनय  को दी तो उसके होश उड़ गए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही वह भागकर कोल्हमपुर पहुंचा तो खून से लथपथ आरती का शव घर में पड़ा था। 

दीवार पर खून के छींटे पड़े थे। हत्या की इस खौफनाक वारदात को देकर लोग दहल उठे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोल्हमपुर बाजार में हुई यह वारदात पूरे इलाके को झकझोर गई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पति की तलाश में टीमें गठित की गई है।

एएसपी व सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

महिला के हत्या की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह व एसओ अभय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर करीब दो घंटे तक जांच पड़ताल की और साक्ष्य संकलित किये।घटनास्थल से खून से सने हथौड़े और चाकू को पुलिस ने बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया।

ये भी पढ़े :
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी: निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, आ गया बड़ा अपडेट  

 

 

संबंधित समाचार