दिवाली बाद पहली बार हवा की गुणवत्ता में सुधार... आज AQI 100 के पास, पिछले 6 दिनों से खराब श्रेणी में शहर की हवा
कानपुर, अमृत विचार। दिवाली के बाद पहली बार शहर में हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ। पिछले 6 दिनों से जहां शहर की हवा खराब स्थिति में थी, शनिवार को इसमें काफी सुधार हुआ। शहर का औसत एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 119 दर्ज किया गया। जब कि यह दिवाली के पहले से ही 200-300 के बीच में पहुंच गया था। हालांकि, अभी भी शहर की हवा में बदलाव जारी है।
यूपीपीसीबी के तीनों प्रमुख स्टेशनों में शनिवार को एक्यूआई 130 के अंदर ही रहा। जिसमें नेहरू नगर स्टेशन पर सबसे कम 106 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, एफटीआई किदवई नगर में 124 और एनएसआई कल्याणपुर में 128 एक्यूआई दर्ज किया गया। इससे पहले एफटीआई किदवई नगर में बीते बुधवार को सबसे ज्यादा 270 के पार एक्यूआई पहुंच गया था। वहीं, कल्याणपुर की भी हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई थी।
अब तीनों ही स्टेशनों की हवा मॉडरेट स्थिति में आ गई हैं। हालांकि अभी भी हवा सामान्य स्थिति में नहीं पहुंची है। बता दें कि दिवाली के पहले से ही शहर की हवा खराब हो गई थी। 18 अक्टूबर को पहली बार एक्यूआई 206 पहुंचा था। फिर 21 को यह 229 और 22 को सर्वाधिक 253 एक्यूआई तक पहुंचा। 23 अक्टूबर को भी एक्यूआई 220 दर्ज किया गया। शुक्रवार से हवा में प्रदूषण की मात्रा कम हो रही है। ठंड और धूल की वजह से नगर निगम की ओर से पानी का छिड़काव भी बढ़ाया गया है।
