बाराबंकी में वीकली बाजार से लग रहा जाम...बढ़ा हादसों का खतरा, प्रशासन की अनदेखी से लोगों में नाराजगी
बाराबंकी, अमृत विचार। भिटरिया स्थित दशहरा मैदान में लगने वाली साप्ताहिक बाजार अब भिटरिया-हैदरगढ़ रोड पर लगने लगी है। सड़क किनारे बाजार लगने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहले बाजार दशहरा मैदान में लगता था, जिससे यातायात सुचारू रूप से चलता था। लेकिन अब दुकानदार मुख्य सड़क पर अपनी दुकानें लगा रहे हैं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
11.jpg)
स्थानीय निवासी विजय रंजन यादव, विशाल, कैलाश और विष्णु अग्रवाल ने बताया कि सड़क पर बाजार लगने से कई बार वाहन और राहगीरों में टक्कर की नौबत आ चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार को पुनः दशहरा मैदान में ही लगवाया जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके और यातायात सुचारू रहे।
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि साप्ताहिक बाजार को सड़क पर लगने से रोकने के लिए पुलिस और नगर पंचायत को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही बाजार को पुनः दशहरा मैदान में स्थानांतरित कराया जाएगा, जिससे सड़क हादसों की संभावना कम होगी और लोगों को यातायात में सुविधा मिलेगी।
महिला को टक्कर मारी, पैर में फ्रैक्चर
शनिवार को भिटरिया गांव में सब्जी खरीदने आई 65 वर्षीय संतोष कुमारी पत्नी श्याम लाल को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका पैर टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड पर साप्ताहिक बाजार लगने की वजह से तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
