लखीमपुर खीरी : संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर रखा शव, तीन घंटे तक जाम
बेहजम, अमृत विचार। सदर कोतवाली के महेवागंज स्थित ससुराल आए युवक की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। शनिवार की दोपहर बाद शव जब उसके गांव भूलनपुर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन ग्रामीणों के साथ शव ओयल-बेहजम मार्ग पर रख दोनों तरफ रस्सी बांधकर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। परिवार वाले ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई और उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद लोग माने। तब जाकर करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव भूलनपुर निवासी विजय (30) पुत्र बालक राम की ससुराल सदर कोतवाली क्षेत्र के महेवागंज में है। बुधवार को वह अपनी ससुराल गया था। मृतक के बड़े भाई शिवकुमार का आरोप है कि ससुराल में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने विजय के साथ मारपीट की और उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर शव रखकर विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही नीमगांव थानाध्यक्ष आदित्य कुमार मौर्य, मितौली इंस्पेक्टर, कोतवाली सदर इंस्पेक्टर और खीरी इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विजय ने ससुराल में ही जहर खा लिया था, जिसके बाद परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं, मृतक के परिजनों ने विजय की पत्नी समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया और एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जब उन्हें एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराई तब परिजन शांत हुए और जाम खोल दिया।
पत्नी समेत पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
विजय की मौत मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी अर्चना, ससुर भारत, सास माधुरी, सुंदरी और राजकुमार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक की मां शांती देवी ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसका पुत्र विजय 21 अक्टूबर को लखनऊ से करीब 50 हजार रुपये लेकर सीधे अपनी ससुराल गया था, जहां उसके बेटे के साथ मारपीट कर हत्या कर दी गई। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वह स्वयं प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
