Rampur: गरजी जेसीबी, सरकारी संपत्ति को कराया कब्जा मुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। पनवड़िया के निकट शासकीय संपत्ति पर हुए कब्जे पर जेसीबी गरजी और संपत्ति को कब्जा मुक्त करा लिया। जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील सदर स्थित ग्राम शादीनगर, निकट अहमदनगर स्थित गाटा 82/1, रकबा 0.0450 हेक्टेयर भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूमि पूर्व में राजस्व अभिलेखों में नॉन जेड ए रामपुर पार्क के नाम से दर्ज थी। जो कि नगर पालिका परिषद की स्वामित्वाधीन संपत्ति है। बाद में कुछ व्यक्तियों, जिनमें रामफूल सिंह पुत्र बालकिशन निवासी रामपुर द्वारा फर्जी प्रविष्टि करा कर भूमि पर अवैध कब्जा स्थापित कर लिया गया था। 

प्रकरण की विधिक जांच के बाद न्यायालय उप जिलाधिकारी (न्यायिक), सदर द्वारा 16 सितंबर को प्रविष्टि को अवैध एवं फर्जी घोषित करते हुए भूमि को पुनः रामपुर पार्क के नाम दर्ज किए जाने का आदेश दिया था। न्यायालय के आदेश के मुताबिक नगर पालिका परिषद द्वारा भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर पुनः अपना वास्तविक एवं भौतिक कब्जा प्राप्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसील सदर की राजस्व टीम, नगरपालिका अधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहे।

ग्राम गजरौला में 5 एकड़ शासकीय भूमि कराई कब्जा मुक्त
रामपुर, अमृत विचार : जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील टांडा स्थित ग्राम गजरौला में लगभग 5 एकड़ क्षेत्रफल की शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई का स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील प्रशासन द्वारा राजस्व टीम एवं पुलिस बल की उपस्थिति में भूमि को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराया गया। भूमि को राजस्व अभिलेखों के अनुरूप शासन के वास्तविक एवं भौतिक कब्जे में लिया गया। कब्जा मुक्त कराई भूमि पर पौधरोपण कार्य कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी भूमि को चिह्नित कर अभियान चलाकर कब्जामुक्त कराया जाएगा। सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कब्जा मुक्त कराई भूमि पर स्थायी पौधरोपण एवं संरक्षण की व्यवस्था कराई की जाए।

संबंधित समाचार