पीलीभीत: मरौरी ब्लॉक प्रमुख के अधिकार सीज, पूर्व डीएम की जांच आख्या पर शासन का एक्शन, गरमाई राजनीति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। तराई के जनपद पीलीभीत में माननीयों के बीच छिड़ी रार के बीच हुई शिकायत के बाद शासन स्तर से कराई गई जांच के बाद सख्त एक्शन लिया गया है। पूर्व डीएम की ओर से मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए उनके वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए है।

शासन स्तर से लिए गए एक्शन के बाद राजनीतिक अमले में खलबली मची रही। जिला स्तर पर अधिकारी कोई पत्र प्राप्त न होने की बात कह रहे हैं। हालांकि माना जा रहा है कि जल्द ही उसे लेकर आदेश प्राप्त हो जाएंगे। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना रहा।

बता दें कि मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा की एक शिकायत शासन स्तर पर हुई थी। शिकायत भी भाजपा के ही एक जनप्रतिनिधि की ओर से की गई थी। इसका शासन ने संज्ञान लिया और जांच कराई गई। जिसके बाद से ही तमाम तरह की चर्चाएं तेज हो गई थी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। ब्लॉक प्रमुख पर आरोप था कि उन्होंने सदस्यों के मानदेय में गोलमाल किया। वहीं, शासन की मंशा से हटकर काम करने समेत कई आरोप थे। इसकी जांच चलती रही और मामला गर्माया रहा।

कुछ स्मृति द्वार भी बनवाए गए थे, इसे लेकर भी आरोप थे। कई माह तक जांच के बाद भी मामला ठंडे बस्ते में रहा। अब इस प्रकरण में शासन स्तर से एक्शन लिया गया है। पूर्व डीएम संजय सिंह ने रिपोर्ट बनाकर शासन स्तर पर भेज दी थी। इसी के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए शासन ने ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता देवी वर्मा के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए है। इसे लेकर शोर मचते ही खलबली मच गई है।

डीएम ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि इसे लेकर को कोई पुष्ट दस्तावेज अभी प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, विशेष सचिव पंचायती राज राजेश कुमार त्यागी का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि की शिकायत पर जांच कराई गई थी। पूर्व डीएम से मिली जांच आख्या के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए ब्लॉक प्रमुख मरोरी के अधिकार सीज कर दिए गए हैं। 

ब्लॉक प्रमुख बोलीं: मुझे नहीं मिला कोई नोटिस, आ रहे कॉल 

इस मामले मरोरी की ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस या अन्य दस्तावेज नहीं मिला है। कौन पीछे पड़ा था मुझसे बेहतर सब जानते हैं। लोग कॉल कर जरूर पूछ रहे हैं।

संबंधित समाचार