स्वास्थ्य विभाग की टूटी नींद, 13 सीएचसी पर भी होगी जांच, सोहावल में योजनाओं में हुआ था लाखों के वारे न्यारे का खुलासा
अयोध्या, अमृत विचार: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल में आशाओं को अनियमित भुगतान, हेराफेरी, राजस्व को चूना लगाने और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लाखों का वारा न्यारा उजागर होने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद विभाग की ओर से अन्य 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की तैयारी की जा रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बड़ी व्यूह रचना तैयार की है।
सोहावल सीएचसी में तीन दिन पहले सात सदस्यीय जांच समिति द्वारा जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद सीएमओ ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में वृहद जांच के लिए खाका तैयार करने का निर्देश अंदरखाने दे दिया है। सोहावल सीएचसी में विगत दो वर्ष के दौरान 14 आशा को न केवल अनियमित भुगतान किया जाता रहा बल्कि विभिन्न कार्यक्रमों में भी घालमेल किया जाता रहा। बिना सीएचसी अधीक्षक और लेखा परीक्षक के यह सब बेखौफ होकर किया जाता रहा। इतना ही सीएचसी सोहावल में इतना खुला खेल फर्रुखाबादी खेला गया कि स्वास्थ्य विभाग तो दूर सीएचसी अधीक्षक तक को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब जब जांच कमेटी के अध्यक्ष डॉ आशुतोष श्रीवास्तव ने सीएमओ को रिपोर्ट सौंपी तो मुखिया भी हतप्रभ रह गए।
मजीस्ट्रियल जांच के कारण कार्रवाई रोकी
इस जांच के अलावा तत्कालीन अधीक्षक डॉ. फाितमा हसन के साथ अभद्र व्यवहार और हंगामे आदि की मजिस्ट्रेटी जांच चलने के कारण सीएमओ ने हाल ही में मिली जांच आख्या पर कार्रवाई रोक रखी है। इसी बीच उन्होंने सभी सीएचसी को जांच के दायरे में लाने के लिए जांच समितियों के गठन की कवायद शुरू कर दी है। बताया जाता है कि शीघ्र ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अलग-अलग दिनों में टीमों की सीधी सर्जिकल स्ट्राइक होने जा रही है। तिथियों को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है और पूरी कमान सीएमओ और उनकी कोर टीम खुद संभाल रही है। बताया जा रहा है 14 और पंच कोसी परिक्रमा के बाद यह सर्जिकल स्ट्राइक शुरू होगी।
यह भी पढ़ेंः यूपी में छठ महापर्व को लेकर एडवाइजरी जारी....केवल निर्धारित व सुरक्षित घाटों पर ही पूजा करें
