PM Kisan Yojana: फॉर्मर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य...54 % ही हुआ किसानों का पंजीकरण, टॉप 3 में शामिल सीतापुर, बस्ती और रामपुर
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल 2026 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त केवल उन्हीं किसानों को दी जाएगी, जिनकी फॉर्मर रजिस्ट्री पूरी होगी। इस बीच फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में सीतापुर जिला प्रदेश का सिरमौर बन गया है। यहां 74.58 प्रतिशत किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। बस्ती 74.24% के साथ दूसरे और रामपुर 70% रजिस्ट्री के साथ तीसरे स्थान पर है। राज्य स्तर पर अब तक 54% किसानों का पंजीकरण पूर्ण हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। 1 अप्रैल 2026 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त के लिए इसकी अनिवार्यता को देखते हुए सभी जिलों में पंजीकरण व सत्यापन कार्य तेज कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 30 नवंबर तक हर गांव में किसान पंजीकरण शिविर लगाए जाएं। प्रत्येक जिले में कैंप चार्ट तैयार कर राज्य स्तर पर साझा किया जाए। साथ ही पीएम किसान सत्यापन कार्य को भी समय पर पूरा किया जाए।
रोजाना 4 हजार किसान हो रहे पंजीकृत
वर्तमान में प्रदेशभर में औसतन 4,000 किसानों का प्रतिदिन पंजीकरण किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि नवंबर अंत तक सभी पात्र किसानों का पंजीकरण और सत्यापन पूर्ण हो जाए, ताकि कोई भी किसान अगली पीएम किसान किस्त से वंचित न रहे।
