ISIS की खौफनाक साजिश का हुआ पर्दाफाश, ज्ञानवापी जज को बताया 'काफिर'... हत्या करने की दी धमकी, आतंकी अदनान पर दर्ज FIR
भोपाल: इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े एक खौफनाक साजिश का खुलासा हुआ है। मध्य प्रदेश के भोपाल के रहने वाले एक आतंकी अदनान के खिलाफ दर्ज एफआईआर में यह खुलासा हुआ है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए ज्ञानवापी मस्जिद के मामले में फैसला सुनाने वाले जज रवि कुमार दिवाकर को जान से मारने की धमकी दी।
इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी थी धमकी
पुलिस की दर्ज एफआईआर के मुताबिक, भोपाल निवासी अदनान इंस्टाग्राम पर @based.khilji नाम से सोशल मीडिया पर अकाउंट चला रहा था। इसी अकाउंट से उसने जज रवि कुमार दिवाकर की तस्वीर पोस्ट की। इसमें उनकी आंखों के ऊपर लाल रंग से 'KAFIR' (काफिर) लिखा।
पोस्ट में खौफनाक धमकी देते हुए इंग्लिश में लिखा गया था, "The Kafirs Blood Is Halal For You Those Who Fight Against Your Deen" (काफिर का खून हलाल है... उन लोगों के लिए जो दीन के लिए लड़ रहे हैं)
जज की हत्या के लिए उकसाया
FIR में इस बात का स्पष्ट किया गया है कि इस पोस्ट के जरिए अदनान ने अपनी चरमपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों को ज्ञानवापी मामले की सुनवाई कर रहे जज की हत्या के लिए उकसाया था और साथ ही इस पोस्ट को कई लोगों ने देखा था। दर्ज एफआईआर में आगे कहा गया है कि अदनान ने न सिर्फ धमकी दी, बल्कि अपनी इंस्टा पोस्ट के जरिए दूसरे धर्मों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने, अलग-अलग वर्गों के बीच वैमनस्यता- विद्वेष फैलाने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया है।
संवैधानिक व्यवस्था पर हमले करने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि अदनान भारत के लोकतांत्रिक राष्ट्र और इसकी संवैधानिक व्यवस्था के मुख्य अंग न्यायपालिका के प्रति धार्मिक आधार पर अविश्वास और द्वेष की भावना उत्पन्न कर रहा था। अदनान को FIR में चेतावनी दी गई है कि अगर उसने अपने इन कृत्यों पर जल्द अंकुश नहीं लगाया, तो कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
ISIS से कैसे जुड़ा
दिल्ली के मोहम्मद अदनान ने पुलिस को बताया कि 2023 में सादिक नगर के सरकारी फ्लैट्स में शिफ्ट होने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर कट्टरपंथी पेज फॉलो करना शुरू किया और एक ग्रुप जॉइन कर लिया। शुरू में ग्रुप में 25-30 सदस्य थे। सीरिया से संचालित हैंडलर अबू इब्राहिम अल-कुरैशी ने ISIS से जुड़े वीडियो, फोटो और PDF शेयर किए। इन सामग्रियों व संपर्कों से प्रभावित होकर अदनान ने ISIS खलीफा के प्रति वफादारी की शपथ ली और इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
