बरेली: दूसरे समुदाय के युवक के साथ गई लड़की को बरेली लाया जाएगा
अमृत विचार, बरेली। मेरठ में दूसरे समुदाय के युवक के साथ मिली लड़की को बारादरी पुलिस बरेली लाएगी। बारादरी पुलिस की एक टीम मेरठ रवाना हो गई है। बरेली लाकर उसके कोर्ट में बयान कराए जाएंगे और बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक को भी लेकर आएगी। मेरठ में मौजूद युवती ने …
अमृत विचार, बरेली। मेरठ में दूसरे समुदाय के युवक के साथ मिली लड़की को बारादरी पुलिस बरेली लाएगी। बारादरी पुलिस की एक टीम मेरठ रवाना हो गई है। बरेली लाकर उसके कोर्ट में बयान कराए जाएंगे और बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस युवक को भी लेकर आएगी। मेरठ में मौजूद युवती ने किसी तरह की कार्रवाई करने से इनकार किया है। वह बरेली आने से भी इनकार कर रही है लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने की वजह से पुलिस उसे लाने के हर संभव प्रयास कर रही है। पुलिस की जानकारी में आया है कि अभी दोनों ने शादी नहीं की है। दूसरे संगठन के लोग इसे धर्म परिवर्तन से जोड़कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि 29 सितंबर को आंवला का रहने वाला युवक कैश जमाली बारादरी क्षेत्र की युवती को लेकर फरार हो गया था। वह मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराये पर रहने लगा था। कुछ दिनों बाद मामले की जानकारी कुछ संगठनों को हुई। संगठन पुलिस को लेकर उसके किराए के घर पर पहुंचे। दोनों के आधार कार्ड देखे गए जिससे दोनों के अलग-अलग समुदाय के होने की पुष्टि हुई। मेरठ पुलिस ने बारादरी पुलिस को मामले की जानकारी दी।
इस पर पुलिस ने युवती के पिता से संपर्क किया। 10 दिसंबर को युवती के पिता ने युवक पर युवती को बहला-फुसला कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। 12 दिसंबर को बारादरी पुलिस दोनों को लेने मेरठ पहुंची जहां वह कागजी प्रक्रिया में फंसी रही। मामले में इंस्पेक्टर बारादरी शितांशु शर्मा ने बताया कि दोनों को लेने एक टीम मेरठ गई है। कोर्ट में बयान दर्ज करा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
