बरेली: साल बीता, लालफाटक व सेटेलाइट ओवरब्रिज का काम अभी भी अटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 2020 खत्म होने वाला है लेकिन सेटेलाइट, लालफाटक ओवरब्रिज की बाधाएं दूर नहीं हो सकी हैं। ऐसे में अब नये साल 2021 में ही दोनों पुलों पर सफर करने का अवसर मिल सकेगा। इन दोनों जगहों पर महज थोड़ी से परेशानियों के कारण पुल के कार्य रोक दिए गए हैं। 955 मीटर …

अमृत विचार, बरेली। 2020 खत्म होने वाला है लेकिन सेटेलाइट, लालफाटक ओवरब्रिज की बाधाएं दूर नहीं हो सकी हैं। ऐसे में अब नये साल 2021 में ही दोनों पुलों पर सफर करने का अवसर मिल सकेगा। इन दोनों जगहों पर महज थोड़ी से परेशानियों के कारण पुल के कार्य रोक दिए गए हैं।

955 मीटर लंबे लालफटक पुल के निर्माण के लिए 2017 में 82 करोड़ 50 लाख रुपये मंजूर किए गए थे। पर लेटलतीफी के कारण अब शासन ने पुल के बजट को बढ़ाकर 96 करोड़ 67 लाख रुपये कर दिया है। यहां कुछ समय रक्षा मंत्रालय से एनओसी न मिलने के कारण कार्य रुक गया था। अब रेलवे की फाइल के कारण कार्य रुका हुआ है।

कुछ दिन पहले ही रेलवे ने कार्य शुरू किया था लेकिन बाद में बंद कर दिया। इसके लिए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के लिए अफसरों को पत्र भेजा है। सेटेलाइट पुल को मार्च 2020 में ही पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन करोना के कारण कार्य रुक गया। अब पुल बनकर तैयार हो गया है लेकिन बिजली के तार न हटने के कारण पुल पर आवागमन शुरू कराने में बाधा आ रही है। अब देखना है कि बिजली विभाग कब तारों को शिफ्ट करता है। इसके बाद सड़क का निर्माण होना है।

चौपुला पुल का सर्विस लेन का कार्य शुरू

शहर के चौपुला चौराहे पर ओवरब्रिज का कार्य तेजी से किया जा रहा है। यहां पर 50 प्रतिशत कार्य पूरा होने को है। काफी दिनों से ठप पड़े पुल के सर्विस लेन का कभी कार्य शुरू कर दिया गया है जो इसी सप्ताह पूरा कर लिया जाएगा। इससे लोगों की दिक्कतें दूर हो जाएंगी जबकि पुल को पहले पुलिस लाइन रोड से और इसके बाद अयूब खां को जाने वाली सड़क से जोड़ा जाएगा।

पुराने रामगंगा पुल का कार्य शुरू

रामगंगा नदी पर बने पुराने पुल की जर्जर रेलिंग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके कारण पुल को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। पुराना पुल होने के कारण कई जगहों पर मरम्मत होना है। इसके बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। सेतु निगम के अफसरों के अनुसार जनवरी माह में इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार