Chhath Mahaparva 2025: नगर आयुक्त ने किया छठ पर्व की तैयारियों निरीक्षण, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। छठ महापर्व के मद्देनज़र नगर निगम लखनऊ ने घाटों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के तहत रविवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शहर के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की। निरीक्षण की शुरुआत लक्ष्मण मेला घाट से हुई। नगर आयुक्त ने यहां छठ पूजा के लिए बनाए जा रहे मंचों, सुरक्षा बैरिकेडिंग और सौंदर्यकरण कार्यों का जायजा लिया। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके। इसके बाद वे कुड़िया घाट पहुंचे, जहां गोमती नदी में जलकुंभी की अधिकता देख उन्होंने तत्काल नावों के माध्यम से जलकुंभी निष्कासन कराने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि नदी का जल पूरी तरह स्वच्छ हो ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाट परिसर में लगाए जा रहे पौधों, सौंदर्यकरण कार्यों और प्रकाश व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मेहंदी घाट के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा जमा था तथा सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी।

इस पर उन्होंने संबंधित सफाई निरीक्षक और जोनल अधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि शाम तक समुचित रूप से सफाई पूरी कराई जाए। शहीद पथ गोमती नगर विस्तार स्थित छठ घाट के निरीक्षण में उन्होंने सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के पहुंच मार्गों को दुरुस्त करने पर जोर दिया। 

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी मार्गों को समतल और स्वच्छ बनाया जाए। नगर आयुक्त ने कुकरेल बंधा छठ घाट का निरीक्षण किया। यहां सड़क किनारे जमा कूड़े की सफाई, मार्ग प्रकाश व्यवस्था और पहुंच मार्गों की मरम्मत के निर्देश दिए गए। 

उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर अस्थायी शौचालय, पेयजल, साइनेज, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्री कुमार ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि "छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक घाट की तैयारियों की लगातार मैदानी निगरानी करें और शाम तक सभी कार्य पूर्ण कराएं। 

संबंधित समाचार